व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो, लापरवाही पर कार्रवाई: जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह
कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि व्यापार मंडल एवं उद्योग बंधु से प्राप्त सभी समस्याओं का संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की बैठकों में उठने वाले मामलों की संबंधित विभाग हर सप्ताह समीक्षा करें। साथ ही निस्तारित प्रकरणों का फोटोग्राफ सहित पूरा विवरण अगली मुख्य बैठक में प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई विभाग लगातार बैठकों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं करता है, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित कर विभाग के प्रमुख सचिव को भेजा जाएगा। इससे उनकी सेवा पुस्तिका में कार्य में लापरवाही की प्रविष्टि दर्ज की जा सकेगी।
डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि औद्योगिक एवं व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़ी सड़क, बिजली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी समस्या के निस्तारण में कोई बाधा आती है तो बैठक की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल उन्हें अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा समस्या के समाधान के बाद संबंधित व्यापारी संगठन को भी इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। डीएम ने दोहराया कि उद्योग एवं व्यापार से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी व्यापारिक समस्या के समाधान के लिए बैठक की प्रतीक्षा आवश्यक नहीं है। व्यापारी किसी भी कार्यदिवस में सीधे उनसे मिलकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और समस्याओं के त्वरित निस्तारण का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
बैठक के दौरान भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने 1 जुलाई से मंडी परिषद द्वारा नौबस्ता, गल्लामंडी, चकरपुर मंडी सहित अन्य मंडियों में जियो ऐप के माध्यम से लागू की जा रही टैगिंग व्यवस्था का विरोध किया। उन्होंने इसे वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि पहले से ऑनलाइन व्यवस्था उपलब्ध होने के बावजूद नई समानांतर व्यवस्था से गल्ला, दलहन, तिलहन, गुड़, किराना, सब्जी एवं फल व्यापारियों को कठिनाई होगी। इसका अप्रत्यक्ष प्रभाव किसानों पर भी पड़ेगा। उन्होंने गेट पास की समय सीमा, लाइसेंस नवीनीकरण में दो गारंटर की अनिवार्यता समाप्त करने तथा लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने की भी मांग की।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर आलोक गुप्ता, भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र, जिला अध्यक्ष विजय गुप्ता 'गोरे', जिला युवा अध्यक्ष आशीष मिश्र, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग जायसवाल, प्रदेश युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज कुशवाहा, वरिष्ठ मंत्री शैलेंद्र सेंगर, अनुज त्रिपाठी, शिव परिहार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर पत्रकार
जितेंद्र कुमार सिंह पटेल
संपर्क सूत्र 9956834016

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें