कानपुर: ‘गलती से मैसेज’ द्वारा शुरू हुई दोस्ती, ₹2.52 करोड़ की क्रिप्टो ठगी में बदली, बिजनौर का युवक गिरफ्तार

कानपुर। ‘ARE YOU REACHED AIRPORT?’ - गलत नंबर से आए एक मैसेज ने कानपुर के एक व्यक्ति को ₹2.52 करोड़ का चूना लगा दिया। साइबर ठगों ने पहले ‘इशा रेड्डी’ बनकर दोस्ती की, फिर फर्जी क्रिप्टो ऐप के जरिए निवेश का झांसा देकर यह रकम ठग ली। मामले की गंभीरता देखते हुए कानपुर साइबर क्राइम पुलिस ने बैंकिंग जांच और डिजिटल ट्रेल के आधार पर बिजनौर निवासी विपिन कुमार को ₹45 लाख के साथ गिरफ्तार कर लिया है। 



पुलिस के मुताबिक, ठगों ने पहले पीड़ित से COINEX नाम के फर्जी ऐप पर ₹5 लाख जमा कराए। भरोसा जीतने के लिए ₹10 हजार वापस भी भेजे। इसके बाद ‘बोनस स्कीम’ का लालच देकर ₹2 करोड़ निवेश कराए। पीड़ित ने रिश्तेदारों से उधार लिया, शेयर बेचे और फ्लैट गिरवी रखकर कुल ₹1.98 करोड़ और जमा कर दिए। जब उसने रकम निकालनी चाही तो ‘Risk Control Anomaly’ और ‘Anti Money Laundering’ के नाम पर टैक्स व सिक्योरिटी मनी के बहाने ₹36 लाख और ठग लिए। पीड़ित को तब अहसास हुआ जब उसके ईमेल और मोबाइल का कोई वैध रजिस्ट्रेशन ही नहीं मिला।

साइबर थाना पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिवाइस लॉग, WhatsApp-Telegram चैट और क्रिप्टो ट्रेल का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि ठगी की रकम कई बैंक खातों में घुमाकर क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर विदेश भेजी जा रही थी। इसी क्रम में विपिन कुमार के खाते में ₹45 लाख ट्रेस हुए। 

12.06.2026 को कानपुर साइबर क्राइम टीम ने उसे ग्राम खानपुर मुजरा, थाना चाँदपुर, बिजनौर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में विपिन ने बताया कि उसका काम ठगी की रकम को मनी म्यूल बनकर आगे ट्रांसफर करना था। गैंग अलग-अलग राज्यों से फर्जी बैंक खाते जुटाकर सोशल मीडिया और फर्जी प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को जाल में फंसाता था।

कानपुर पुलिस पहले भी इसी गैंग के 3 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रभारी निरीक्षक सतीश चन्द्र यादव के नेतृत्व वाली टीम में कमलापति यादव, विनोद यादव समेत 9 पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ‘गलती से मैसेज’ + ‘निवेश का लालच’ + ‘टैक्स/सिक्योरिटी के नाम पर पैसा’ वाले किसी भी झांसे में न आएं। शक होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें।

सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर 

पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल 

संपर्क सूत्र 9956 834016 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कानपुर: 2.5 महीने से बिना सैलरी National Sugar Institute के गार्ड, भूखे होकर बंद किया गेट

कानपुर में सीएम डैशबोर्ड समीक्षा: लापरवाही पर DM का कड़ा रुख, कई अधिकारियों का वेतन रोका, शो-कॉज नोटिस जारी*

कानपुर में 11 जुलाई को एंडोमेट्रियोसिस पर बड़ा सीएमई: केओजीएस और फोग्सी करेंगे "दर्द, मासिक धर्म और उससे आगे" पर मंथन, महिलाओं की बांझपन और दर्द की समस्या पर होगी चर्चा