दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा दिव्यांगजन को उपलब्ध करायी जायेगी मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल
कानपुर विनय उत्तम, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कानपुर नगर द्वारा अवगत कराया गया है कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा प्रथम बार पात्र दिव्यांगजन को निःशुल्क मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराये जाने हेतु ऑनलाइन फॉर्म वेब-पोर्टल https://hwd.uphq.in पर प्रदर्शित प्रारूप-पत्र पर आमन्त्रित किये जा रहे हैं। इस हेतु नियमावली भी प्रख्यापित हो गयी है।
जिसके अन्तर्गत दिव्यांगजन को मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल के वास्तविक मूल्य या अधिकतम रु 25,000.00 का अनुदान प्रति दिव्यांगजन को दिया जायेगा। यदि मोटराइज्ड गाड़ी की कीमत रु 25000.00 के अधिक है तो अतिरिक्त धनराशि की व्यवस्था दिव्यांगजन को स्वयं करनी होगी जिसकी भरपाई मा0 सांसद निधि, मा0 विधायक निधि या सी0एस0आर0 फण्ड से करनी होगी।
मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल प्राप्त करने की पात्रता निम्नवत् है:
1- मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा न्यूनतम 80 प्रतिशत या उससे अधिक का दिव्यांगता प्रमाण पत्र हो।
2- मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल पर बैठकर अपने हाथों से गाड़ी का संचालन करने में सक्षम हो।
3- 16 वर्ष या उससे अधिक दिव्यांगजन की आयु हो।
4- दिव्यांगजन या उसके परिवार की समस्त स्त्रोतों से वार्षिक आय रु 1,80,000.00 से अधिक न हो तथा तहसील द्वारा निर्गत आय प्रमाण पत्र मान्य होगा।
5- दिव्यांगजन जिसके द्वारा आवेदन किया जायेगा उसे पूर्ण में भारत सरकार/स्थानीय निकाय/मा0 सांसद निधि/मा0 विधायक निधि या अन्य सरकारी या सरकार द्वारा अनुदानित स्त्रोतों से उसे पूर्व में मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल न प्राप्त हुयी हो।
6- दिव्यांगजन के पास यूनिक डिसएबिलिटी आईडेन्टिटी कार्ड (यूडीआईडी) या आधार कार्ड होना चाहिए।
7- हाईस्कूल या उच्चतर कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं को प्राथमिकता प्रदान की जायेगी।
अतः सभी पात्र दिव्यांगजन से अपेक्षा की जाती है कि अपना आवेदन पत्र समस्त अभिलेखों यथा आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, फोटो, मोबाइल नम्बर आदि सहित ऑनलाइन वेब पोर्टल https://hwd.uphq.in/ पर प्रदर्शित हो रहे प्रारूप-पत्र पर भरकर आवेदन करें ताकि उन्हें नियमानुसार इस योजना से लाभान्वित कराया जा सके।
(विनय उत्तम) जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कानपुर नगर।
सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल संपर्क सूत्र 9956834016

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें