कानपुर: केंद्र सरकार के 12 साल पूरे, 5 से 21 जून तक जनकल्याण अभियान, प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने की समीक्षा
कानपुर नगर केंद्र सरकार के ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद कानपुर नगर में 5 जून से 21 जून तक विशेष जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों की समीक्षा शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री उच्च शिक्षा विभाग एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय ने की।
_सरसैया घाट सभागार में प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय जनकल्याण अभियान की समीक्षा करते हुए। साथ में सांसद रमेश अवस्थी व विधायक नीलिमा कटियार।
बैठक में सांसद श्री रमेश अवस्थी, विधायक श्रीमती नीलिमा कटियार, विधायक श्री सुरेंद्र मैथानी, एमएलसी अरुण पाठक, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित व शिवराम सिंह सहित जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, ज्वाइंट सीपी विपिन ताडा, सीडीओ अभिनव जे जैन व नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रम तक सीमित न रहे। केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान के व्यक्ति तक पहुंचे। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम समन्वय से हों और समाज के हर वर्ग तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे।
बताया गया कि अभियान में पर्यावरण संरक्षण, जनसंपर्क कार्यक्रम, जनकल्याण शिविर, स्वास्थ्य मेले, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती कार्यशाला और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम होंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मलिन बस्तियों व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष पहुंच बनाकर पात्रों को आयुष्मान भारत, PM किसान सम्मान निधि, PM स्वनिधि, अटल पेंशन जैसी योजनाओं से जोड़ा जाए। शिविरों में लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी प्रस्तुत हों।
युवाओं, महिलाओं, किसानों, स्वयं सहायता समूहों व स्टार्टअप से जुड़े लोगों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। रात्रि चौपालों में जनप्रतिनिधि व अधिकारी गांव जाकर समस्याएं सुनेंगे और त्वरित निस्तारण करेंगे। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को समयसीमा में तैयारियां पूरी कर अभियान सफल बनाने को कहा।
सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर नगर
पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल
संपर्क सूत्र 9956 834016

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें