कानपुर में बड़ी खुशखबरी: हर ब्लॉक में खुलेगा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, DM ने हथेही में किया भूमि निरीक्षण
कानपुर नगर। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कानपुर नगर जनपद में बड़ी पहल शुरू हो गई है। जिलाधिकारी श्री जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को विकासखंड पतारा के ग्राम हथेही में प्रस्तावित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूमि की स्थिति, पहुंच मार्ग और अन्य आवश्यक मानकों का बारीकी से परीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
शासन के निर्देश पर जनपद के उन सभी विकासखंडों में नए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय स्थापित किए जाएंगे जहां अभी तक ये विद्यालय संचालित नहीं हैं। वर्तमान में कानपुर नगर में एक भी कस्तूरबा गांधी विद्यालय नहीं है। ऐसे में भीतरगांव, बिधनू, बिल्हौर, चौबेपुर, घाटमपुर, ककवन, कल्याणपुर, पतारा, शिवराजपुर, सरसौल और नगर क्षेत्र में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं के लिए आवासीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में विद्यालय स्थापना के लिए तीन एकड़ निर्विवादित भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराएं। भूमि के चयन में विशेष ध्यान रखा जाएगा। भूमि तक सुगम पहुंच मार्ग होना चाहिए, वहां हाईटेंशन विद्युत लाइन नहीं होनी चाहिए और भूमि यथासंभव समतल हो। प्राथमिकता परिषदीय, राजकीय या डायट परिसरों में उपलब्ध भूमि को दी जाएगी ताकि बुनियादी सुविधाएं आसानी से मिल सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बालिका शिक्षा को नई दिशा देंगे। इन विद्यालयों में छात्राओं को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवास, भोजन, पुस्तकें, यूनिफॉर्म और अन्य सभी जरूरी सुविधाएं मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि आवासीय विद्यालय खुलने से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को पढ़ाई के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। सुरक्षित माहौल, नियमित पढ़ाई और संसाधनों की उपलब्धता से बालिकाओं की ड्रॉपआउट रेट कम होगी और उच्च कक्षाओं में नामांकन बढ़ेगा। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी बड़ा कदम है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह, तहसीलदार अंकिता पाठक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर
पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल
संपर्क पत्र 9956834016


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें