कानपुर: 5.12 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, DM जितेंद्र प्रताप सिंह ने रैली को दिखाई हरी झंडी
कानपुर नगर। जनपद में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। 28 जून 2026 को चलने वाले इस विशेष अभियान में 0 से 5 वर्ष तक के 5,12,184 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को लेकर शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से एक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली को संबोधित करते हुए डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारत ने पोलियो उन्मूलन में ऐतिहासिक सफलता पाई है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, "एक भी बच्चा छूटा, पल्स पोलियो का सुरक्षा चक्र टूटा"। डीएम ने अभिभावकों से अपील की कि वे 28 जून को अपने 5 साल तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर खुराक जरूर पिलाएं। अगर कोई बूथ तक नहीं पहुंच पाए तो नजदीकी सरकारी अस्पताल में भी दवा उपलब्ध रहेगी।
➡️*2069 बूथ और 9585 टीमें रहेंगी तैनात*
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के लिए पूरे जिले में 2,069 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। 29 जून से घर-घर जाकर दवा पिलाने का अभियान चलेगा। इसके लिए 8,561 घर-घर टीमें, 672 ट्रांजिट टीमें और 350 मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। कुल 9,585 टीमें और 12,642 स्वास्थ्यकर्मी इस महाअभियान में लगाए गए हैं।
➡️*संवेदनशील इलाकों पर खास नजर*
अभियान की सफलता के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। ईंट-भट्ठों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, निर्माण स्थलों और घुमंतू परिवारों तक पहुंचने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। हाई रिस्क एरिया में सर्वे के आधार पर टीमों की तैनाती की गई है ताकि एक भी बच्चा दवा से वंचित न रहे।
➡️*रैली में दिखा उत्साह*
सीएमओ कार्यालय से शुरू हुई जागरूकता रैली पीएसी चौराहा होते हुए वापस कार्यालय पहुंची। रैली में सीएमओ, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, कांशीराम अस्पताल के सीएमएस, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ, WHO, यूनिसेफ, JSI के अधिकारी, नेहरू युवा केंद्र, महिला एवं बाल विकास विभाग की टीमें, आशा, एएनएम और नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने लोगों से पोलियो अभियान को सफल बनाने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो जैसी बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए हर साल इस तरह के अभियान चलाए जाते हैं। सभी नागरिकों का सहयोग जरूरी है।
संपादकः सत्य का असर समाचार पत्र, कानपुर
पत्रकारः जितेंद्र कुमार सिंह पटेल
संपर्क सूत्र: 9956834016
ईमेल: satyakaasarnews24@gmail.com


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें