कानपुर में रॉन्ग साइड पर चला पुलिस का डंडा, 17 जून को 1185 वाहनों का कटा चालान
कानपुर, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कानपुर दौरे के एक दिन पहले यातायात पुलिस ने रॉन्ग साइड यानी विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। यातायात पुलिस प्रेस-नोट के अनुसार, 17 जून 2026 को चलाए गए विशेष संयुक्त अभियान में कुल 1185 वाहनों का चालान किया गया।
अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था, कानपुर नगर के आदेशानुसार यह अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराना और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना था।
➡️1185 चालान, 933 यातायात पुलिस ने किए
यातायात पुलिस प्रेस-नोट दिनांक 17.06.2026 के मुताबिक, अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, तिराहों और व्यस्त मार्गों पर सघन चेकिंग की गई। रॉन्ग साइड में वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
आंकड़ों के अनुसार, यातायात पुलिस ने 933 चालान किए जबकि सिविल पुलिस ने 252 चालान किए। इस तरह कुल 1185 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई। चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को जागरूक भी किया।
➡️पुलिस ने दी चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विपरीत दिशा में वाहन चलाना न केवल स्वयं के जीवन के लिए खतरा है, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। आमजन से सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक रहते हुए सही दिशा में वाहन चलाने, निर्धारित लेन का प्रयोग करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई।
सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर
पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल
संपर्क सूत्र 9956834016

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें