लापरवाही पर DM सख्त: टीबी स्क्रीनिंग में लेटलतीफी पर डॉक्टर का वेतन रोका, कारण बताओ नोटिस जारी

कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने सिटी हेल्थ एक्शन प्लान और टीबी उन्मूलन बैठक में लापरवाही पर सख्ती दिखाई। टीबी स्क्रीनिंग में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले डॉ. प्रीतम का वेतन रोका गया और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में टीबी टोल फ्री नंबर 1800-11-6666 के प्रचार, युवा मंगल दलों से निगरानी और शत-प्रतिशत टीकाकरण के निर्देश दिए गए। 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को MR वैक्सीन अनिवार्य करने को कहा गया।

लापरवाही पर जिलाधिकारी सख्त, खराब प्रदर्शन पर वेतन रोकने व कारण बताओ नोटिस के निर्देश

कानपुर नगर जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला टीबी टास्क फोर्स कमेटी एवं सिटी हेल्थ एक्शन प्लान कमेटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (टीबी) एवं नियमित टीकाकरण अभियान की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

टीबी स्टीयरिंग कमेटी की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि मसवानपुर के डॉ. प्रीतम द्वारा टीबी स्क्रीनिंग का कार्य सबसे कम किया गया है तथा इसके संबंध में वे कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण भी प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा कार्य में अपेक्षित सुधार होने तक वेतन रोकने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन जनपद की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनपद के समस्त एमओआईसी को निर्देशित किया कि हाई-रिस्क क्षेत्रों में विशेष टीबी जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग सुनिश्चित की जाए। इसके लिए आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की मदद ली जाए।

उन्होंने कहा कि टीबी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए टीबी टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-11-6666 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। पोस्टर, बैनर, मुनादी और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक यह जानकारी पहुंचाई जाए ताकि कोई भी संदिग्ध मरीज जांच से वंचित न रहे।

उन्होंने निर्देश दिए कि टीबी मरीजों की नियमित निगरानी के लिए जनपद के युवा मंगल दलों को सक्रिय किया जाए। पंचायत स्तर पर इन दलों को जिम्मेदारी दी जाए जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि प्रत्येक मरीज समय पर और नियमित रूप से दवा ले रहा है। साथ ही मरीजों को उपचार की पूरी अवधि तक दवा लेने के लिए लगातार प्रेरित किया जाए, ताकि जनपद को समयबद्ध रूप से टीबी मुक्त बनाया जा सके।

टीकाकरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य का निर्देश

बैठक में नियमित टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी एमओआईसी अपने-अपने क्षेत्रों में आशा एवं एएनएम के माध्यम से शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद का एक भी बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए ड्यू-लिस्ट बनाकर घर-घर भ्रमण कराया जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक जोन के लिए एक जोनल अधिकारी नामित किया जाए, जो प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को आयोजित नियमित टीकाकरण सत्रों की समीक्षा करेगा। सत्र स्थलों पर साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि 9 माह से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को एमआर (मीजल्स-रूबेला) वैक्सीन अनिवार्य रूप से लगाई जाए, ताकि उन्हें खसरा एवं रूबेला जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके। इसके लिए ड्यू-लिस्ट तैयार कर छूटे हुए बच्चों का प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण कराया जाए। स्कूलों और मदरसों में भी विशेष अभियान चलाकर टीकाकरण किया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी बच्चे को बुखार के साथ शरीर पर लाल चकत्ते दिखाई दें तो अभिभावक तत्काल उसे निकटतम स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करें तथा आवश्यक उपचार एवं टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने पुनः निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।

अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जे. जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुबोध प्रकाश, डॉ. एस.पी. यादव, जेसीआई संस्था से डॉ. विभोर कौशिक, सुश्री हुडा ज़हरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने अंत में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि समीक्षा में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए और अगली बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

सत्य का असर समाचार पत्र

पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल

संपर्क सूत्र 9956834016

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कानपुर: 2.5 महीने से बिना सैलरी National Sugar Institute के गार्ड, भूखे होकर बंद किया गेट

कानपुर में सीएम डैशबोर्ड समीक्षा: लापरवाही पर DM का कड़ा रुख, कई अधिकारियों का वेतन रोका, शो-कॉज नोटिस जारी*

कानपुर में 11 जुलाई को एंडोमेट्रियोसिस पर बड़ा सीएमई: केओजीएस और फोग्सी करेंगे "दर्द, मासिक धर्म और उससे आगे" पर मंथन, महिलाओं की बांझपन और दर्द की समस्या पर होगी चर्चा