कानपुर में गंदगी में बन रहे थे मोमोज, 3 निर्माणशालाएं बंद, 115 किलो संदिग्ध चटनी नष्ट
कानपुर। खाने-पीने की चीजों में लापरवाही अब महंगी पड़ेगी। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को शहर में बड़ा अभियान चलाया। रावतपुर और साकेत नगर में गंदगी के बीच मोमोज बनाए जा रहे थे। विभाग ने मौके पर 3 मोमोज निर्माणशालाओं
का संचालन बंद करा दिया और करीब 115 किलोग्राम संदिग्ध चटनी को नष्ट कराया।
खाद्य सचल दल के अधिकारियों संजय वर्मा, रजनीश कुमार राय, अनिल कुमार और सारिका सिंह ने सबसे पहले केशव नगर, रावतपुर गांव स्थित आकाश मोमोज निर्माणशाला पर छापा मारा। निरीक्षण में परिसर की साफ-सफाई बेहद खराब मिली। मोमोज के साथ परोसी जाने वाली चटनी भी अस्वच्छ और संदिग्ध परिस्थितियों में रखी मिली। टीम ने चटनी का नमूना जांच के लिए लिया और लगभग 40 किलो चटनी को मौके पर ही नष्ट करा दिया। साफ-सफाई दुरुस्त होने तक प्रतिष्ठान बंद रखने के आदेश दिए गए।
इसके बाद टीम ने 116/139ए, रावतपुर गांव स्थित श्री बालाजी मोमोज निर्माणशाला की जांच की। यहां खाद्य कारोबार का पंजीकरण तक नहीं मिला। परिसर में गंदगी का अंबार था और रंगीन चटनी दूषित हालत में रखी थी। विभाग ने रंगीन चटनी और मोमोज के नमूने लिए और करीब 45 किलो चटनी का विनष्टीकरण कराया। खाद्य पंजीकरण और सभी कमियां दूर होने तक इसे भी बंद करा दिया गया।
तीसरी कार्रवाई साकेत नगर में हुई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रश्मि प्रभा ने यहां एक निर्माणशाला का निरीक्षण किया। यहां भी साफ-सफाई न के बराबर थी और चटनी अस्वच्छ बर्तनों में रखी मिली। लगभग 30 किलो संदिग्ध चटनी को नगर निगम के वेस्ट डिस्पोजल यार्ड में नष्ट कराया गया।
अभियान का तीसरा चरण मसवानपुर में चला। यहां मोमोज बेचने वाले ठेलों की जांच की गई। ठेलों पर बिक रहे रंगीन फिंगर चिप्स और रंगीन चटनी स्वच्छता मानकों पर खरी नहीं उतरी। टीम ने मौके पर ही इन्हें नष्ट कराते हुए विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी।
सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह ने कहा कि जनस्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं होगा। खाद्य पदार्थ बनाने और बेचने में स्वच्छता अनिवार्य है। सभी संग्रहित नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।
विभाग का कहना है कि ऐसा अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सत्य का असर अपील: बाहर का खाना खाने से पहले साफ-सफाई जरूर देखें।
संपादकः सत्य का असर समाचार पत्र, कानपुर
पत्रकारः जितेंद्र कुमार सिंह पटेल
संपर्क सूत्र: 9956834016
ईमेल:satyakaasarnews24@gmail.com
खबर को जरुर शेयर करें
ताकि लोगों को जानकारी मिल सके


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें