कानपुर में ओवरस्पीड पर शिकंजा, NH-34 और NH-19 पर 336 वाहनों का कटा चालान, 8 जगह बैरियर और इंटरसेप्टर तैनात

पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कानपुर यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। यातायात पुलिस कमिश्नर के आदेश पर NH-34 और NH-19 पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी के लिए 8 स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं और हर 20 किलोमीटर पर 3 इंटरसेप्टर मोबाइल तैनात किए गए हैं।

यातायात पुलिस द्वारा मंगलवार 14 जुलाई 2026 को जारी प्रेस-नोट के अनुसार सिर्फ एक दिन में ओवरस्पीड के मामले में 336 वाहनों के चालान किए गए। वहीं नियमों का उल्लंघन करने पर 13 जुलाई को कुल 2322 चालान की कार्रवाई भी की गई।

NH-34 और NH-19 पर सबसे ज्यादा कार्रवाई*

पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक 14 जुलाई को NH-34 पर ओवरस्पीड के लिए 164 वाहनों का चालान किया गया। इसमें 87 ट्रक, 07 बस और 70 चार पहिया/दो पहिया वाहन शामिल हैं। इसी तरह NH-19 पर 117 वाहनों के चालान हुए। इसमें 04 ट्रक, 07 बस और 106 चार पहिया/दो पहिया वाहन थे। इसके अलावा गंगा बैराज पर भी 55 वाहनों के ओवरस्पीड चालान किए गए।

पुलिस का कहना है कि NH-34 पर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। इसी के तहत हाईवे पर 8 स्थानों पर बैरियर स्थापित कर ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही तेज गति से चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए हर 20 किमी पर 3 इंटरसेप्टर मोबाइल तैनात किए गए हैं। इनके माध्यम से रफ्तार पर नजर रखी जा रही है और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

एक दिन पहले 2322 चालान

उच्चाधिकारियों के आदेश पर 13 जुलाई 2026 को यातायात नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई। इस दिन कुल 2322 चालान किए गए। इसमें सबसे ज्यादा 1774 चालान अन्य उल्लंघनों में हुए। 366 वाहन चालकों का रॉन्ग साइड चलने पर, 133 का ट्रिपल सवारी करने पर और 49 का HSRP नंबर प्लेट न होने पर चालान किया गया।

पुलिस की आमजन से अपील

यातायात पुलिस कमिश्नर ने आमजन से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन अवश्य करें। पुलिस ने 6 मुख्य बातों पर जोर दिया है: 

1. रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं

2. वाहन चलाते समय हेलमेट/सीट बेल्ट का प्रयोग करें 

3. सड़क पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें

4. ओवरटेक हमेशा दाहिने से करें

5. यातायात संकेतों का पालन करें

6. शराब पीकर वाहन न चलाएं

पुलिस ने कहा कि नियमों का पालन करना केवल अपनी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करता, बल्कि दूसरों की जान की हिफाजत भी करता है। "सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा" के तहत सभी से नियम मानने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की गई है।

एम्बुलेंस को रास्ता दें

प्रेस-नोट में सभी वाहन चालकों से विशेष अनुरोध किया गया है कि सड़क पर चल रही एम्बुलेंस को प्राथमिकता देते हुए तुरंत रास्ता दें। पुलिस का कहना है कि आपकी जागरूकता, संवेदनशीलता और त्वरित प्रतिक्रिया किसी के अनमोल जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

शिकायत के लिए हेल्पलाइन

यदि किसी को ट्रैफिक कंट्रोल या किसी असुविधा की स्थिति में मदद चाहिए तो वह इन नंबरों पर संपर्क कर सकता है:

1. *ट्रैफिक कंट्रोल रूम:* 9305104340

2. *ग्रीन कॉरिडोर सेल:* 9454402413

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल संपर्क सूत्र 9956 8340 16 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कानपुर: 2.5 महीने से बिना सैलरी National Sugar Institute के गार्ड, भूखे होकर बंद किया गेट

कानपुर में सीएम डैशबोर्ड समीक्षा: लापरवाही पर DM का कड़ा रुख, कई अधिकारियों का वेतन रोका, शो-कॉज नोटिस जारी*

कानपुर में 11 जुलाई को एंडोमेट्रियोसिस पर बड़ा सीएमई: केओजीएस और फोग्सी करेंगे "दर्द, मासिक धर्म और उससे आगे" पर मंथन, महिलाओं की बांझपन और दर्द की समस्या पर होगी चर्चा