गांवों में बिना हेलमेट चलने वालों पर सख्ती,स्टंटबाज बाइकर्स पर चलेगा अभियान जुलाई में 63 हजार से ज्यादा चालान

पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल 

कानपुर: गांवों में बिना हेलमेट चलने वालों पर सख्ती,स्टंटबाज बाइकर्स पर चलेगा अभियान जुलाई में 63 हजार से ज्यादा चालान


कानपुर नगर सड़कों पर स्टंट करने वाले बाइकर्स के खिलाफ अब विशेष अभियान चलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती बढ़ाई जाएगी। शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सड़कों से अतिक्रमण हटाने में ढिलाई पर पीडब्ल्यूडी के दो अधिशासी अभियंताओं से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया।

एनएच-34 पर उपखनिजों की ढुलाई करने वाले वाहनों की ओवरलोडिंग के खिलाफ भी जांच और प्रवर्तन तेज किया जाएगा। समीक्षा में सामने आया कि उपखनिज ढोने वाले कुछ वाहन अपनी नंबर प्लेट छिपा लेते हैं। जुलाई में ऐसे मामलों में यातायात विभाग द्वारा 435 चालान किए गए। जिलाधिकारी ने ओवरलोडिंग की सघन जांच और नंबर प्लेट स्पष्ट दिखाई देने के निर्देश दिए।

*बिना हेलमेट 39 हजार से अधिक कार्रवाई*

जुलाई 2026 में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस एवं परिवहन विभाग ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। दोनों विभागों के आंकड़ों को मिलाकर बिना हेलमेट 39,021, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 11,778 और ओवर स्पीडिंग के 9,151 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।

इसके अलावा बिना सीट बेल्ट 1,807, मॉडिफाइड साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न के 1,809, बिना ड्राइविंग लाइसेंस 1,453, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग के 931, बिना फिटनेस 902 तथा ड्रंक एंड ड्राइविंग के 363 प्रकरणों में कार्रवाई हुई।

*अतिक्रमण पर दो अधिशासी अभियंताओं से जवाब तलब*

पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड अपनी सड़कों पर अतिक्रमण की स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता अनूप कुमार मिश्रा से स्पष्टीकरण तलब किया। निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता अखंडेश्वर प्रसाद ने बताया कि उनकी सड़कों पर 30 अतिक्रमण चिह्नित हैं। सभी को नोटिस जारी नहीं करने पर स्पष्टीकरण तलब किया गया।

*स्कूली वाहन चालकों का होगा चरित्र सत्यापन*

मिशन सेफ फ्यूचर के तहत जिलाधिकारी ने अभियान चलाकर प्रत्येक स्कूली वाहन चालक का चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। चालकों की आंखों की जांच भी कराई जाएगी।

*घायल को अस्पताल पहुंचाने पर 25 हजार रुपये*

राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। पीएम राहत जन आरोग्य योजना के तहत दुर्घटना पीड़ित को सात दिनों तक अथवा 1.50 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।

बैठक में डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार, एडीएम नगर आलोक कुमार गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल संपर्क सूत्र 9956 8340 16 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कानपुर: 2.5 महीने से बिना सैलरी National Sugar Institute के गार्ड, भूखे होकर बंद किया गेट

कानपुर बैराज पर गंगा का जलस्तर में राहत 113.740 मीटर, खतरे के निशान से 1.26 मीटर नीचे - LGC रिपोर्ट 01-09-26

फर्रुखाबाद-कासगंज-कानपुर के बीच 10 ट्रेनों का नया टाइम टेबल जारी, देखें पूरी लिस्ट