कानपुर पांडु नदी का कहर, 25 परिवार फंसे, NDRF ने संभाला मोर्चा, भौती-पनका पुल बंद |
पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल
जलभराव में फंसे 25 परिवारों के बचाव में उतरी एनडीआरएफ, भौती-पनका पुल बंद - कानपुर में पांडु नदी का कहर
कानपुर में लगातार हो रही बारिश ने शहर के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। पांडु नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। सबसे ज्यादा प्रभावित गोपालपुरम-जरौली फेज-2, मायापुरम और रविदासपुरम इलाके हैं। गुरुवार रात से इन इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया है।
ताजा जानकारी के अनुसार गोपालपुरम-जरौली फेज-2 में करीब 25 परिवार अपने घरों में फंस गए हैं। पानी इतना तेजी से बढ़ा कि लोगों को सामान निकालने का मौका भी नहीं मिला। सूचना मिलते ही प्रशासन ने एनडीआरएफ की 11वीं बटालियन को बुलाया। शुक्रवार सुबह से NDRF की टीम ऑरेंज बोट (11 NDRF) के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है।
रात 2 बजे से बढ़ा पानी, सुबह तक घरों में घुसा
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 2 बजे पांडु नदी का पानी कॉलोनियों में घुसना शुरू हुआ। देखते ही देखते गलियां तालाब बन गईं। बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। लोग छतों पर शरण लिए हुए हैं। एनडीआरएफ के जवान घर-घर जाकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित निकाल रहे हैं।
*एसडीएम और तहसीलदार ने किया निरीक्षण*
इससे पहले बुधवार देर रात संयुक्त मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर अनुभव सिंह और तहसीलदार सदर विनय द्विवेदी ने पांडु नदी के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। दोनों अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। प्रभावितों के लिए राहत किट, पानी और भोजन की व्यवस्था भी कराई गई।
*भौती-पनका संपर्क मार्ग पुल बंद, ऊपर से बह रहा पानी*
गुरुवार को ग्राम पनका बहादुर नगर में भौती-पनका संपर्क मार्ग के पुल के ऊपर से पांडु नदी का पानी बहने लगा। पुल पर 2 से 3 फीट पानी बह रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए पुल पर बैरिकेडिंग कराकर आवागमन पूरी तरह बंद करा दिया है। स्थानीय पुलिस को मौके पर सतर्क रहने और पुल से आवागमन प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे इस पुल से होकर न जाएं।
*आयोग सदस्य ने किया दौरा, आश्रय स्थल में जाने की अपील
उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चंद्र कुंडे ने भी मायापुरम और रविदासपुरम के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। साथ ही जलभराव वाले इलाकों में रह रहे लोगों को सुरक्षा के दृष्टिगत निकट स्थित बाढ़ आश्रय स्थल श्री विशम्भर नाथ ठाकुर इंटर कॉलेज में पहुंचने के लिए प्रेरित किया।
*400 लोगों के लिए कम्युनिटी किचन शुरू*
प्रशासन ने बाढ़ आश्रय स्थल पर प्रभावितों के लिए कम्युनिटी किचन का संचालन शुरू कर दिया है, जहां रोजाना लगभग 400 लोग भोजन कर रहे हैं। प्रशासन पांडु नदी के जलस्तर और प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी तैनात की गई है और मेडिकल कैंप लगाकर जांच की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है लेकिन लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में और बारिश की चेतावनी दी है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
सत्य काअसर समाचारपत्र कानपुर
*पत्रकार : जितेंद्र कुमार सिंह पटेल | संपर्क : 9956834016*
*पता : 745 उत्तम विहार बेरी कल्याणपुर कानपुर - 208017*

टिप्पणियाँ