कानपुर रेल बाजार में छापा, डेढ़ क्विंटल सड़ा आलू और 3200 समोसे नष्ट, एक फैक्ट्री सील

पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल 

कानपुर अगर आप ट्रेन में या रेलवे स्टेशन की कैंटीन से समोसा खाते हैं तो ये खबर आपके लिए है। कानपुर के रेल बाजार में बनने वाले समोसों की फैक्ट्रियों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को बड़ा छापा मारा। जांच में जो मिला, उसे देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए।


जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने रेल बाजार की तीन समोसा निर्माण इकाइयों पर छापा मारा। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में बनी टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कार्रवाई की।

पहली इकाई - निर्मल कुमार मिश्र की फैक्ट्री:* टीम ने जब निर्मल कुमार मिश्र की समोसा इकाई में छापा मारा तो परिसर में डेढ़ क्विंटल सड़ा हुआ आलू रखा मिला। इसके साथ 400 बिना तले कच्चे समोसे भी मिले। बदबूदार सड़े आलू को देखकर टीम ने तुरंत मौके पर ही नष्ट करा दिया। यहां से मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और तैयार समोसे के कुल तीन नमूने जांच के लिए लिए गए।

दूसरी इकाई - बन्टू यादव की फैक्ट्री:* दूसरी इकाई बन्टू यादव की थी। यहां नौकर और मजदूर गंदगी में खाद्य पदार्थ तैयार करते मिले। परिसर में 800 बिना तले समोसे और पांच किलो आलू मसाला अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा पाया गया। टीम ने इसे भी नष्ट करा दिया। हैरानी की बात ये रही कि संचालक बन्टू यादव को बार-बार बुलाने के बावजूद वह मौके पर नहीं पहुंचे और न ही खाद्य लाइसेंस दिखा पाए। इस पर टीम ने पूरी निर्माण इकाई को सील कर दिया।

तीसरी इकाई - मोहम्मद शोएब की फैक्ट्री:* रेल बाजार के हाता नंबर-दो स्थित मोहम्मद शोएब की समोसा इकाई में सबसे ज्यादा गड़बड़ी मिली। यहां 2000 बिना तले समोसे और 20 किलो तैयार आलू मसाला अस्वच्छ हालत में मिला। इसे भी नष्ट कराया गया। यहां से मैदा, रिफाइंड पामोलिन ऑयल और समोसा मसाला आलू के तीन नमूने लिए गए। इसके अलावा परिसर में 48 बोरियों में भंडारित 2384 किलो मैदा सीज किया गया।

सहायक आयुक्त संजय प्रताप सिंह ने बताया कि तीनों इकाइयों से कुल 3200 कच्चे समोसे और 25 किलो आलू मसाला नष्ट कराया गया है। तीनों जगहों पर तैयार होने वाले समोसे सीधे रेलवे की कैंटीनों और दुकानों में सप्लाई किए जाते हैं। रोजाना हजारों यात्री यही समोसे खाते हैं। कार्रवाई के दौरान कुल छह नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद रेल बाजार के अन्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने कहा है कि त्योहारों से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।


*पत्रकार : जितेंद्र कुमार सिंह पटेल | संपर्क : 9956834016*

*पता : 745 उत्तम विहार बेरी कल्याणपुर कानपुर - 208017*

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कानपुर: 2.5 महीने से बिना सैलरी National Sugar Institute के गार्ड, भूखे होकर बंद किया गेट

कानपुर बैराज पर गंगा का जलस्तर में राहत 113.740 मीटर, खतरे के निशान से 1.26 मीटर नीचे - LGC रिपोर्ट 01-09-26

फर्रुखाबाद-कासगंज-कानपुर के बीच 10 ट्रेनों का नया टाइम टेबल जारी, देखें पूरी लिस्ट