CM योगी आदित्यनाथ 26 अक्टूबर को बिठूर दौरे पर, 11 बजे हेलीकॉप्टर से आगमन, वाल्मीकि आश्रम में पूजन, 400 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात।
कानपुर: चकेरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घनी बस्ती में छुपा कर रखा था 2.5 कुंतल अवैध पटाखों का जखीरा, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
कानपुर दीपावली और दशहरा के पावन पर्वों को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने अवैध आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सघन अभियान छेड़ रखा है। इसी क्रम में थाना चकेरी पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है।
पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट कानपुर नगर के आदेश पर, पुलिस उपायुक्त पूर्वी, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी और सहायक पुलिस आयुक्त चकेरी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि चकेरी क्षेत्र में कुछ लोग बिना लाइसेंस के घनी आबादी में पटाखों का अवैध भंडारण कर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
कैसे हुई कार्रवाई?*
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को थाना चकेरी पुलिस की टीम क्षेत्र में भ्रमणशील होकर गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि जगईपुरवा चौराहा, चौकी लाल बंगला के पास स्थित राजेश दाल मिल गोदाम के पीछे बने बेल्ट निर्माण के गोदाम के तीसरे तल पर भारी मात्रा में अवैध पटाखे छिपा कर रखे गए हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर छापा मारा। जब गोदाम के तीसरे तल की तलाशी ली गई तो वहां 10 बड़े गत्ते के कार्टन में विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी छिपा कर रखी गई थी। मौके पर मौजूद गोदाम के प्रोडक्शन मैनेजर से जब इस भंडारण का लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा पाया।
दीपावली पर महंगे दामों पर बेचने की थी तैयारी*
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि दीपावली के त्योहार पर बाजार में पटाखों की मांग बढ़ जाती है और दाम कई गुना बढ़ जाते हैं। इसी लालच में उसके रिश्तेदार ने यह सारा माल पहले से ही सस्ते दामों पर खरीद कर यहां छिपा कर रखवा दिया था, ताकि त्योहार पर ऊंचे दामों पर बेच कर मोटा मुनाफा कमाया जा सके।
सबसे चिंताजनक बात यह थी कि यह पूरा जखीरा घनी बस्ती के बीचों-बीच, बिना किसी सुरक्षा मानकों के रखा गया था। गोदाम में न तो आग बुझाने के उपकरण थे और न ही कोई सुरक्षा व्यवस्था। अगर इसमें जरा सी भी चिंगारी लग जाती तो पूरे मोहल्ले में भीषण आग लग सकती थी और बड़ा विस्फोट हो सकता था।
आरोपी गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज*
मौके से पुलिस ने गोदाम के प्रोडक्शन मैनेजर वसीम पुत्र शकील, निवासी बीबी श्रीवास्तव मार्केट, परेड, थाना कोतवाली, कानपुर नगर को गिरफ्तार कर लिया है। वसीम ने पूछताछ में बताया कि यह सारा माल उसके रिश्तेदार सोनू उर्फ फैज निवासी नई सड़क, मूलगंज, कानपुर नगर का है और उसी के कहने पर उसने यहां रखवाया था।
माल बरामदगी के आधार पर पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना चकेरी में मु0अ0सं0 694/26 धारा 223/288 भारतीय न्याय संहिता व 5/9बी विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। सह-अभियुक्त सोनू उर्फ फैज मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इतना माल बरामद हुआ*
पुलिस द्वारा बरामद किए गए माल की सूची काफी लंबी है:
1. Flower Pots / अनार - 1,450 पीस
2. Green Crackers (2000 वाला) - 270 पीस
3. मुर्गा छाप / मुर्गी छाप पटाखे - 38,000 पीस
4. Ground Chakkar / चकरी - 2,440 पीस
5. Sparklers / छुरी एवं फूलझड़ी - 11,800 पीस
6. Rocket Bombs - 1,290 पीस
कुल वजन लगभग 2.5 कुंतल बताया जा रहा है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई को थाना चकेरी टीम और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। टीम में उ0नि0 प्रदीप भाटी चौकी प्रभारी लालबंगला, उ0नि0 सुरदीप डागर प्रभारी सर्विलांस, उ0नि0 शुभम तिवारी, उ0नि0 प्रदीप गिरी, हे0का0 0562 मुकेश बाबू, रि0का0 1395 अमित कुमार तथा का0 प्रशान्त और का0 शैलेन्द्र शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध रूप से पटाखा भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सत्य काअसर समाचारपत्र कानपुर पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल संपर्क सूत्र 9956 8340 16
टिप्पणियाँ