कानपुर के किसानों के लिए बड़ी राहत: ड्रिप-स्प्रिंकलर पर 90% तक सब्सिडी, पानी 70% बचेगा`
कानपुर के किसानों के लिए बड़ी राहत: ड्रिप-स्प्रिंकलर पर 90% तक सब्सिडी, पानी 70% बचेगा`कानपुर। जिले में लगातार घट रहे जल संसाधनों और जल संरक्षण न होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में खेती की परंपरागत पद्धति को बदलकर आधुनिक ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई अपनाना समय की मांग बन गई है। इससे न सिर्फ पानी और बिजली की भारी बचत होगी, बल्कि किसान अपनी आय को भी दोगुना कर सकेंगे।
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना "पर ड्रॉप मोर क्रॉप" के तहत कानपुर नगर जनपद को कुल 1411 हेक्टेयर का लक्ष्य दिया गया है। जिला उद्यान अधिकारी श्री उमेश चन्द्र उत्तम के अनुसार इसमें ड्रिप सिंचाई पद्धति के लिए 121 हे0, मिनी स्प्रिंकलर के लिए 200 हे0, माइक्रो स्प्रिंकलर के लिए 212 हे0, पोर्टेबल स्प्रिंकलर के लिए 594 हे0, सेमी परमानेंट स्प्रिंकलर के लिए 28 हे0 और रेनगन स्प्रिंकलर के लिए 256 हे0 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उद्यान अधिकारी ने बताया कि ड्रिप सिंचाई में बूंद-बूंद पानी सीधे पौधे की जड़ों तक पहुंचता है, जबकि स्प्रिंकलर से फब्बारे की तरह पानी की बौछार होती है। इस तकनीक से पानी की 70 प्रतिशत तक बचत संभव है। साथ ही उर्वरक का तरल रूप में छिड़काव करने पर 50 प्रतिशत उर्वरक की भी बचत होती है। खरपतवार नियंत्रण में भी मदद मिलती है और ऊंची-नीची भूमि पर समान सिंचाई हो जाने से उपज की गुणवत्ता बेहतर होती है।
सबसे बड़ी बात सब्सिडी की है। योजनान्तर्गत लघु एवं सीमान्त कृषकों को ड्रिप व मिनी स्प्रिंकलर पर 90 प्रतिशत अनुदान मिलेगा, जबकि बड़े कृषकों को 80 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। पोर्टेबल स्प्रिंकलर व रेनगन पर लघु किसानों को 75 प्रतिशत और बड़े किसानों को 60 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।
किसान इस योजना का लाभ उठाने के लिए यूपी एमआई पोर्टल www.upmip.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन रावतपुर के कमरा नंबर 18 व 21 में संपर्क करें या मोबाइल नंबर 9151066897 पर कॉल करें।
पात्रता के लिए किसान के पास सिंचाई का पानी स्रोत होना जरूरी है। व्यक्तिगत किसान को अधिकतम 5 हेक्टेयर तक ही अनुदान मिलेगा। सहकारी समितियों और संविदा खेती करने वाले किसान भी योजना के पात्र हैं और एक ही भूमि पर 7 साल बाद दोबारा लाभ ले सकते हैं।
सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर
पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल
संपर्क सूत्र 9956 834016

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें