कानपुर: संपूर्ण समाधान दिवस में DM की सख्ती, खतौनी की गलतियां सुधरीं, पेंशन-लाभार्थियों को राहत
कानपुर नगर, शनिवार तहसील सदर स्थित मर्चेंट चेंबर हॉल में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की सख्ती रंग लाई। फरियादियों की समस्याएं सुनते ही अधिकारियों को मौके पर निस्तारण के निर्देश दिए गए। किसी की खतौनी में नाम की त्रुटि सुधारी गई तो किसी को पेंशन और पारिवारिक लाभ योजना का भुगतान तुरंत दिलाया गया। कुल 143 शिकायतें आईं, जिनमें 11 का निस्तारण समाधान दिवस में ही कर दिया गया।
समाधान दिवस में सबसे ज्यादा 53 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। पुलिस विभाग की 26, नगर निगम की 21, केस्को की 12, समाज कल्याण की 10 और केडीए की 9 शिकायतें दर्ज की गईं। शेष शिकायतें जलकल, खाद्य, स्वास्थ्य, श्रम, परिवहन, विकास और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी थीं।
चकेरी निवासी रूपरानी ने खतौनी में पति के नाम की त्रुटि का मामला रखा। DM के निर्देश पर राजस्व अभिलेखों में तत्काल संशोधन कर दिया गया। फत्तेपुर दक्षिण निवासी मालिक सिंह के नाम की प्रविष्टि भी मौके पर दुरुस्त कराई गई। दलेलपुर निवासी रामकली और राजीव विहार निवासी ऋषभ शुक्ला के मामलों में न्यायालय के आदेशों का खतौनी में अंकन कराकर उन्हें राहत दी गई।
समाज कल्याण विभाग के मामलों में भी तेजी दिखाई गई। रावतपुर निवासी रीता गुप्ता को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 30 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर होने की जानकारी दी गई। दर्शनपुरवा निवासी शोभा सिंह और श्याम नगर निवासी अर्चना को भुगतान संबंधी राहत मिली। गिल्लीपुरवा निवासी बाबूराम निषाद को बताया गया कि उनकी वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत हो चुकी है।
नजीराबाद निवासी नसीमा बेगम और शफीका बेगम की विधवा पेंशन फाइल की जांच कराकर आख्या जिला प्रोबेशन कार्यालय भेजी गई। पनकी निवासी सविता पांडेय की शिकायत पर केस्को ने आवास के पास लगे ट्रांसफार्मर को स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया।
DM ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 7 दिन में सभी लंबित प्रकरण निपटाए जाएं। भूमि व पारिवारिक विवाद में संवेदनशीलता बरतने और सभी पक्षों को सुनकर संतुष्टिपूर्ण समाधान निकालने को कहा। कार्यक्रम में CDO अभिनव जैन, DCP पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, CMO डॉ. हरिदत्त नेमी, SDM सदर अनुभव सिंह सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर नगर
पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल
संपर्क सूत्र 9956 834016

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें