परमपुरवा चौकी क्षेत्र में मुहर्रम जुलूस: DCP दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने किया निरीक्षण, ताजियादारों से ऊंचाई सीमित रखने की अपील`
कानपुर नगर मोहर्रम पर्व के अवसर पर परमपुरवा चौकी क्षेत्र, थाना जूही से निकलने वाले जुलूस के शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया।
डीसीपी दक्षिण ने अधिकारियों के साथ जुलूस मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। डीसीपी ने कहा कि परमपुरवा चौकी क्षेत्र से निकलने वाले जुलूस में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा जुलूस में सम्मिलित ताजियादारों एवं आयोजकों से संवाद स्थापित किया गया। उनसे निर्धारित मानकों का पालन करने तथा झंडों एवं अन्य सामग्रियों की ऊंचाई सीमित रखने की अपील की गई, जिससे विद्युत तारों एवं अन्य अवरोधों से किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। डीसीपी ने कहा कि सुरक्षा सर्वोपरि है।
डीसीपी दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने सभी आयोजकों एवं संभ्रांत नागरिकों से आपसी सहयोग, समन्वय एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने निर्देश दिए कि असामाजिक तत्वों एवं माहौल खराब करने वाले व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए और उनके विरुद्ध तत्काल प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बीट उपनिरीक्षकों एवं बीट आरक्षियों को निर्देशित किया गया कि वे परमपुरवा चौकी क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर लगातार भ्रमणशील रहकर प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए आवश्यक कार्रवाई करें।
आमजन एवं धार्मिक आयोजकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक संदेशों पर विश्वास न करें तथा बिना सत्यापन के उन्हें प्रसारित न करें।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, फुटेज की निरंतर निगरानी, ड्रोन कैमरों के माध्यम से प्रभावी पर्यवेक्षण तथा कंट्रोल रूम से बेहतर समन्वय के निर्देश दिए गए।
सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर
पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल
संपर्क सूत्र 9956834016


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें