राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने CSA कानपुर के 28वें दीक्षांत समारोह में 649 उपाधियां और 63 पदक दिए, कमियों पर एक माह में सुधार के निर्देश
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में CSA कानपुर का 28वां दीक्षांत समारोह सम्पन्न। 649 उपाधियां और 63 पदक प्रदान किए गए। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की कमियां एक माह में दूर करने, महिला छात्रावास सुधारने, डिजिलॉकर से उपाधि डाउनलोड कराने और 100% आंगनबाड़ी किट वितरण के निर्देश दिए। 300 आंगनबाड़ी किट और 600 बालिकाओं का HPV टीकाकरण भी हुआ।
राज्यपाल की अध्यक्षता में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर का 28वां दीक्षांत समारोह सम्पन्न हुआ
कानपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आज चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर का 28वां दीक्षांत समारोह सम्पन्न हुआ। समारोह में विद्यार्थियों को 649 उपाधियाँ तथा 63 पदक प्रदान किये गये।
इस अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद की 300 आंगनबाड़ी केन्द्रों को आंगनबाड़ी किट वितरित की गई तथा पुलिस लाइन में कार्यरत पुलिसकर्मियों की बेटियों सहित 600 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण कराया गया।
राज्यपाल जी ने महान क्रांतिकारी एवं अमर स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद के नाम पर स्थापित इस गौरवशाली विश्वविद्यालय के 28वें दीक्षांत समारोह पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए सभी राज्य विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया कि जिन महापुरुषों के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित हैं, उनके जीवन, विचारों, संघर्ष एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से विद्यार्थियों को अवगत कराया जाए।
राज्यपाल जी ने विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों के पदक वितरण की समीक्षा करते हुए नाराजगी व्यक्त की। मुख्य परिसर के 15, इटावा परिसर के 15, लखीमपुर खीरी परिसर के 3 तथा हरदोई परिसर के किसी भी विद्यार्थी को पदक प्राप्त नहीं हुआ। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कारण बताने का निर्देश दिया।
राज्यपाल जी ने कहा कि विद्यार्थियों को डिजिलॉकर से अंकतालिका एवं उपाधि डाउनलोड करने के लिए प्रेरित और प्रशिक्षित किया जाए, जिससे वे घर बैठे अपनी अंकतालिका एवं उपाधि डाउनलोड कर सकें।
राज्यपाल जी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों को शत-प्रतिशत किट उपलब्ध कराई जाए तथा एचपीवी टीकाकरण अभियान भी पूर्ण किया जाए।
राज्यपाल जी ने कहा कि भारत की आत्मा उसके गाँवों में बसती है और गाँवों की आत्मा उसके किसान हैं। उत्तर प्रदेश गेहूँ एवं गन्ना उत्पादन में देश में अग्रणी है। उन्होंने मिलेट उत्पादन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रदेश के लगभग ढाई करोड़ किसान देश की खाद्य सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
राज्यपाल जी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), ड्रोन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), रिमोट सेंसिंग, प्रिसिजन फार्मिंग भविष्य की आवश्यकता हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस विश्वविद्यालय से निकलने वाले युवा इन आधुनिक तकनीकों को प्रयोगशालाओं से खेतों तक पहुँचाकर कृषि क्षेत्र में नवाचार के वाहक बनेंगे।
राज्यपाल जी ने जनभवन की टीम द्वारा विश्वविद्यालय परिसर के निरीक्षण में पाई गई कमियों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कुलपति एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कमियों को एक माह के भीतर दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं इसकी प्रगति की समीक्षा एवं निरीक्षण करेंगी।
राज्यपाल जी ने महिला छात्रावासों की अव्यवस्थाएं तत्काल सुधारने और जर्जर भवनों की मरम्मत के निर्देश दिए। नई लाइब्रेरी एवं निर्माणाधीन छात्रावासों को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित करने को कहा।
सभी छात्रावासों में गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छता और वॉशिंग मशीन सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल जी ने कृषि विश्वविद्यालयों के गुणवत्तायुक्त बीजों की खरीद सुनिश्चित करने और किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों का ज्ञान, विश्वविद्यालयों का शोध तथा किसानों का अनुभव एक-दूसरे से जुड़ें।
राज्यपाल जी ने परिसर की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए शिक्षकों की समितियां बनाकर नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. संजीव गुप्ता ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, जिला प्रशासन के अधिकारी, विश्वविद्यालय के समस्त संकायों के अधिष्ठातागण, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं अध्यापक, स्कूली बच्चे तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
डॉ0 संगीता चौधरी,
सूचना अधिकारी, जनभवन,
मो0 9161668080

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें