कानपुर में NH-34 पर ओवरस्पीड के खिलाफ यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1 दिन में 241 वाहनों का कटा चालान
कानपुर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कानपुर यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर विशेष अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर तैयार की गई कार्ययोजना के तहत NH-34 पर 08 प्रमुख स्थानों पर बैरियर स्थापित कर ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही तेज गति से चलने वाले वाहनों पर नकेल कसने के लिए राजमार्ग पर प्रत्येक 20 किलोमीटर पर 03 इंटरसेप्टर मोबाइल भी तैनात की गई हैं। इनके माध्यम से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार दिनांक 08.07.2026 को चलाए गए अभियान में बड़ी संख्या में वाहन चालकों के चालान किए गए। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर 38 ट्रक, 07 बस और 90 चार पहिया/दो पहिया वाहन सहित कुल 135 वाहनों का ओवरस्पीड में चालान किया गया। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर 02 बस और 104 चार पहिया/दो पहिया वाहन सहित कुल 106 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त गंगा बैराज पर भी 56 वाहनों का ओवरस्पीड में चालान किया गया।
यातायात पुलिस ने बताया कि केवल ओवरस्पीडिंग ही नहीं बल्कि अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार दिनांक 07.07.2026 को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 2838 वाहन चालकों के चालान किए गए। इनमें 345 वाहन रॉन्ग साइड चलते पाए गए, 136 वाहन ट्रिपल सवारी करते हुए पकड़े गए, 37 वाहनों में HSRP नंबर प्लेट नहीं लगी थी और 2320 अन्य प्रकार के उल्लंघन पाए गए।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर ने आमजन से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन अवश्य करें। रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, सड़क पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ओवरटेक हमेशा दाहिनी ओर से करें और शराब पीकर कदापि वाहन न चलाएं। पुलिस ने कहा कि नियमों का पालन करना केवल अपनी सुरक्षा के लिए ही नहीं बल्कि दूसरों की जान की हिफाजत के लिए भी जरूरी है।
नागरिकों से यह भी अपील की गई है कि किसी भी असुविधा या आपात स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 9305104340 और ग्रीन कॉरिडोर सेल 9454402413 पर संपर्क करें। पुलिस ने अंत में कहा "सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा है। नियमों का पालन करें व दूसरों को भी प्रेरित करें।"
सत्य का असर समाचार पत्र कानपुर पत्रकार जितेंद्र कुमार सिंह पटेल संपर्क सूत्र 9956834016

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें